उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगी गैस रिफिल पर सब्सिडी, 31 दिसंबर तक खाते में आएगी धनराशि

पायनियर । जौनपुर
दीपावली और होली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक उज्ज्वला लाभार्थियों को योजना की जानकारी दी गई। इस दौरान 15 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर और भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी सुना।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 4,12,891 उज्ज्वला लाभार्थी योजना से आच्छादित हैं। दीपावली के अवसर पर गैस रिफिल बुकिंग के सापेक्ष 31 दिसंबर 2026 तक सब्सिडी की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। वहीं, होली के अवसर पर दूसरे चरण में एक जनवरी से 31 मार्च 2027 तक गैस रिफिल बुकिंग पर सब्सिडी दी जाएगी।
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है और स्वच्छ ईधन उपलब्ध हुआ है। उन्होंने लाभार्थियों से गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी अपडेट कराने की अपील की, ताकि योजना का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो। इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



