पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का किया खुलासा

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक युवक और दो बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य तेलीबाग, साउथ सिटी, वृंदावन, कल्ली और अहिमामऊ की सब्जी मंडियों में लोगों की जेब से मोबाइल चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के फोन अपने सरगना को सौंप देते थे, जो उन्हें झारखंड ले जाकर बेचता था। पुलिस के मुताबिक, विकास लाइन, सुभानी खेड़ा निवासी गणेश सिंह भंडारी ने गत दो नवंबर को पीजीआई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गत 31 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे वह तेलीबाग चौराहे स्थित सब्जी मंडी में खरीदारी करने गए थे।
इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मोबाइल चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने टीमें गठित कीं। तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल इनपुट और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने तीन नवंबर की रात करीब 2:30 बजे किसान पथ अंडरपास के पास एक युवक और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि आदित्य कुमार उर्फ गिल्ला नाम का व्यक्ति उनसे मोबाइल चोरी करवाता था।
वह छोटे बच्चों और नाबालिगों को भी इस काम में शामिल करता था। आरोपियों के मुताबिक, गिल्ला को लगता था कि चोरी करते हुए बच्चा पकड़ा गया तो लोग सहानुभूति दिखाकर उसे छोड़ देंगे और पुलिस में शिकायत भी नहीं करेंगे।पुलिस के अनुसार, आरोपी सब्जी मंडियों में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब से मोबाइल निकाल लेते थे। इसके बाद सभी चोरी के मोबाइल इकट्ठा कर गिल्ला को सौंप देते थे। गिल्ला इन मोबाइलों को झारखंड ले जाकर बेच देता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए मोबाइल फोन गिल्ला को देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शंकर कुमार नोनिया (19) निवासी पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के रूप में हुई है। वह वर्तमान में चिनहट के मटियारी इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि दो बाल अपचारियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के कथित सरगना आदित्य कुमार उर्फ गिल्ला की तलाश की जा रही है।



