करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के कुसमी गांव में मंगलवार को बिजली का करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक घर में बिजली का काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसमी गांव निवासी बीडीसी सत्येंद्र यादव का 20 वर्षीय पुत्र शिवा यादव इंटरमीडिएट का छात्र था। मंगलवार को वह अपने घर में बिजली की लाइट ठीक कर रहा था।
बताया जाता है कि शिवा एक हाथ से लोहे की खिड़की पकड़े हुए था और दूसरे हाथ से बिजली का केबल खींच रहा था। इसी दौरान कटे हुए केबल के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर गिर पड़ा।युवक की हालत देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।मृतक शिवा तीन भाइयों में मंझला था। उसके बड़े भाई अवनीश यादव (22) और छोटे भाई अतुल यादव (18) हैं। परिवार में तीन बहनें भी हैं, जिनमें सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। घर के होनहार बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक लहर है।



