‘नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा’, नवरात्र पर यूपीकॉन ने लॉन्च किया ‘उद्यमी बडी’

लखनऊ, 13 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए एक नई पहल की गई है। नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट लॉन्च किया। यह पहल खासतौर पर युवाओं और महिला उद्यमियों को अपने सपनों को कारोबार में बदलने के लिए प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है। इसके माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं के जरिए स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में रोजगार के साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में यूथ अड्डा केंद्रों के जरिए युवाओं को उद्यमिता से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
लखनऊ से वाराणसी तक युवाओं ने लिया हिस्सा
यूपीकॉन की ओर से लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी सहित विभिन्न जिलों के यूथ अड्डा केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रमों में अपना कारोबार शुरू करने की इच्छुक युवतियों के साथ पहले से उद्यम चला रहीं महिला उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया।
इस दौरान ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि आयोजित की गई। इसके तहत प्रतिभागियों से अपने सपनों को लिखने और भविष्य में सीखने की इच्छा रखने वाले कौशल के बारे में बताने को कहा गया। इसका मकसद युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन क्षमताओं को व्यवसाय के अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित करना था। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता का संदेश देगा मैस्कॉट
‘उद्यमी बडी’ को एक युवा लड़की के रूप में डिजाइन किया गया है। यह मैस्कॉट नई पीढ़ी के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और उद्यमशील सोच का प्रतीक है। नवरात्र के दौरान इसे लॉन्च करने के पीछे महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता के संदेश को युवाओं तक पहुंचाने का उद्देश्य भी शामिल है।
इस पहल के जरिए बेटियों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि वे अपने कौशल और विचारों के दम पर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं। साथ ही, युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए जरूरी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सीएम युवा और स्वरोजगार योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एमएसएमई विभाग की विभिन्न ऋण एवं सहायता योजनाओं के बारे में बताया गया। इन योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन का लाभ लेकर युवा अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक कारोबार में बदल सकते हैं।
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि संस्था युवाओं, खासकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यूथ अड्डा के जरिए युवाओं को कारोबार शुरू करने से संबंधित जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर दिया जा रहा है।
प्रवीण सिंह के मुताबिक, ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं, बल्कि युवाओं को सपने देखने, नए कौशल सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने की प्रेरणा देने वाला संदेश है।
यूपीकॉन की यह पहल युवाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने और स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए प्रदेश में ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां युवा नौकरी तलाशने के साथ अपने कारोबार के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।



