भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 अक्टूबर को, अमित शाह करेंगे उद्घाटन
पंकज चौधरी की अध्यक्षता में जुटेंगे प्रदेशभर के नेता, 29 अक्टूबर को तय होगा बैठक का एजेंडा

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 अक्टूबर को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बैठक का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेशभर के संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल होंगे।बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक मौजूद रहेंगे। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल होंगे।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से एक दिन पहले, 29 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता पंकज चौधरी करेंगे। धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में कार्यसमिति के एजेंडे, प्रमुख विषयों और तैयारियों पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रदेशभर के पदाधिकारी होंगे शामिल
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, लोकसभा और विधानसभा चुनावों के प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष तथा मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी भी बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में संगठन के विभिन्न स्तरों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा महत्वपूर्ण रहेगी। अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के संबोधन पर भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर रहेगी।



