विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस को घेरा, सूची में गलत नाम पाए जाने पर उन्हें हटाया जाएगा : मंत्री

पायनियर समाचार सेवा। अल्मोड़ा। प्रदेश के शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत इन दिनों अल्मोड़ा जिले के भ्रमण पर हैं। गुरुवार को उन्होंने जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान विकासखंड हवालबाग के तलाड़ में प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित जनता शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने शिविर में लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में जनता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक छह लाख से अधिक लोगों ने इन शिविरों में प्रतिभाग किया है, जबकि करीब एक लाख लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।

इस दौरान डॉ. रावत ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एसआईआर केवल भाजपा शासन में नहीं हुआ है, बल्कि कांग्रेस शासनकाल में भी ऐसी प्रक्रिया अपनाई गई थी। बंगाल के चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक-एक बूथ की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में कथित फर्जी नाम दर्ज होने की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गलत नाम पाए जाने पर उन्हें हटाया जाएगा। मंत्री ने विपक्ष पर एसआईआर को लेकर साक्ष्य के बिना बयान देने का आरोप लगाया। वही शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में बच्चों कि भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता के कार्यक्रम में शिरकत की और कहा कि आने वाले समय भविष्य ही बच्चे हैँ, प्रदेश भर के हजारों बच्चे इन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैँ, उत्तराखंड में 24 हजार शिक्षण संस्थानों में 30 लाख स्टूडेंट्स द्वारा प्रतियोगिता में भाग लिया जा रहा है, इसमें विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड को लेकर प्रतियोगिता कि जा रही है।



