विज्ञान वरदान भी है और अभिशाप भी, तकनीक का सदुपयोग करने से होती प्रगतिःरिंकू सिंह

- सेवा संकल्प अभियान जीआईसी उरई में भाषण-चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों ने उकेरी प्रतिभा
पायनियर संवाददाता। उरई (जालौन)
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज उरई में आयोजित भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा उकेरी। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री भान प्रताप सिंह वर्मा, माधवगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। चर्चित आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने बच्चों को मोबाइल जैसी आधुनिक चीजों का सही उपयोग करने की नसीहत दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई गुण होता है, इसलिए प्रत्येक बच्चे को अपने को पहचानने की जरूरत है। हाई स्कूल फेल सचिन तेंदुलकर देश के महान क्रिकेट खिलाड़ी बन गए। आपको क्या बनना है, यह आपको तय करना है। उन्होंने कहा कि विज्ञान वरदान भी है और अभिशाप भी। मोबाइल से पढ़कर मैं अधिकारी बन गया, जबकि बहुत से लोग इसका प्रयोग गेम खेलने में करते हैं। इसलिए तकनीक का सदुपयोग करें। मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने कहा कि बच्चे जिज्ञासु होते हैं। अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों की जिज्ञासा को पहचानना होगा, तभी उनकी प्रतिभा निखरेगी। कार्यक्रम से पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित और प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज जितेंद्र राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया। भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अतुल भदोरिया, नीरज द्विवेदी और शोभि मिश्रा शामिल थे। चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्यामजी, अंशुमान तिवारी और आशाजी थे। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने प्रतिभागियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बताया।



