ट्यूबवेलों से केबिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर चोरों सहित खरीद कबाड़ी गिरफ्तार

कैराना। पुलिस ने ट्यूबवेलों से बिजली की केबिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17 किलो 250 ग्राम जली हुई बिजली की केबिल, 315 बोर का तमंचा, कारतूस, छुरी, दो प्लास, केबिल काटने के उपकरण और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह कैराना के अलावा शामली कोतवाली और झिंझाना क्षेत्र में भी ट्यूबवेलों को निशाना बनाता था।
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर की रात बधुपुरा के जंगल में कई ट्यूबवेलों से बिजली की केबिल और कटआउट चोरी किए गए थे। वहीं, 29 सितंबर की रात गोगवान के जंगल में स्थित ट्यूबवेल से भी केबिल चोरी की गई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। गुरुवार को कैराना पुलिस ने कैराना बाईपास-भूरा रजवाहे की पटरी स्थित सर्विस रोड पर भूरा जाने वाले कट के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रजत और विकास निवासी कच्ची गढ़ी तथा आरिस निवासी मोहल्ला आलकलां, कैराना के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रात के समय मोटरसाइकिल से सुनसान स्थानों पर स्थित ट्यूबवेलों की केबिल काटकर चोरी करते थे। एक रात में करीब आठ से 10 ट्यूबवेलों को निशाना बनाया जाता था। चोरी की केबिल को जलाकर तांबा अलग कर लिया जाता और उसे कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि एक ट्यूबवेल से करीब 500 से 800 ग्राम तांबा निकलता था, जिसे करीब 900 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचते थे। पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के आधार पर ट्यूबवेल चोरी के सात से आठ मामलों के खुलासे का दावा किया है। अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रजत के खिलाफ कैराना, झिंझाना, शामली कोतवाली और गढ़ीपुख्ता थानों और हरियाणा के करनाल में भी चोरी, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। विकास और आरिस के खिलाफ भी कैराना, झिंझाना और शामली कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा-कारतूस, छुरी, दो प्लास, केबिल काटने के उपकरण, बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और 17 किलो 250 ग्राम जली हुई बिजली की केबिल बरामद की है। मामले में कैराना पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



