तीन सूत्री मांगों पर आश्वासन के बाद वीरेन्द्र मद्धेशिया ने तोड़ा आमरण अनशन

तहसीलदार ने जूस पिलाकर समाप्त कराया अनशन, जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में चल रहा था इलाज
परतावल, महाराजगंज। नगर पंचायत परतावल के शिवनगर (छातीराम) निवासी वीरेन्द्र प्रसाद मद्धेशिया ने तीन सूत्री मांगों को लेकर चल रहा अपना आमरण अनशन शनिवार को आश्वासन मिलने के बाद समाप्त कर दिया। महराजगंज जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। तहसीलदार सदर की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया। इस दौरान निरीक्षक श्याम निवास राय, और तहसीलदार पंकज शाही सदर और एलआईयू अधिकारी आदि मौजूद रहे।
वीरेन्द्र प्रसाद मद्धेशिया ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि वह 11 अक्टूबर 2026 से आमरण अनशन पर बैठे थे। उनकी प्रमुख मांगों में जिला आबकारी अधिकारी अतुलचन्द द्विवेदी के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई करने, पूर्व थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह के कार्यकाल में आग लगने की घटना से संबंधित मामले की दोबारा जांच कराने और हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग शामिल थी।
प्रार्थी का आरोप है कि उन्होंने शराब की दुकान हटवाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर उन्हें अपमानित किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए समिति गठित कर कार्रवाई की मांग की थी।
इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि करीब ढाई वर्ष पूर्व उनके मकान के पीछे आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी श्यामदेउरवा धर्मेन्द्र सिंह के समक्ष प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई औऱ उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बाद मामले का निस्तारण गलत तथ्यों के आधार पर किए जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने इस प्रकरण की दोबारा जांच कराने की मांग की थी।तीनों मांगों पर तहसीलदार द्वारा आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।



