शहीद शिवकुमार मिश्र के गांव तक बनेगी पक्की सड़क, डीएम ने कराया सर्वे

स्मृति ईरानी को ग्रामीणों ने सौंपा था मांगपत्र, डीएम ने जल्द निर्माण शुरू कराने का दिया भरोसा
अमेठी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में तैनात रहे शहीद शिवकुमार मिश्र के गांव तक पक्की सड़क बनने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को पत्र सौंपकर जर्जर मार्ग के निर्माण की मांग की थी। इसके बाद बुधवार को ही जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने संबंधित मार्ग का सर्वे कराया। डीएम ने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
भादर विकासखंड के भोजपुर गांव निवासी शिवकुमार मिश्र सीमा सुरक्षा बल में तैनात थे। जम्मू में ड्यूटी के दौरान 11 अक्टूबर की रात उनका निधन हो गया था। शहीद के परिजनों से मुलाकात करने अमेठी पहुंचीं स्मृति ईरानी के सामने ग्रामीणों ने पीपरपुर से भोजपुर होते हुए गोपालपुर माइनर तक जाने वाले मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क जर्जर होने और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती है। इससे आसपास के कई गांवों के लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने स्मृति ईरानी को पत्र सौंपकर मार्ग को पक्का कराने तथा शहीद की स्मृति में सड़क निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों की इस मांग के बाद प्रशासन ने तत्काल पहल की। बुधवार शाम को ही जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने संबंधित मार्ग का सर्वे कराया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से शहीद के गांव तक आवागमन आसान होने के साथ ही आसपास के ग्रामीणों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।



