सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम व आमजन को जागरूक करने के निर्देश
डीएम ने एनआरएलएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखियों को पहचान पत्र का किया वितरण

अम्बेडकरनगर। सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत 07 जुलाई से 21 जुलाई तक संचालित 15 दिवसीय अभियान के उपरांत आज जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में स्वयं सहायता समूह की समूह सखियों, सड़क सुरक्षा सखियों तथा पुलिस, परिवहन एवं आईसीडीएस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त सहभागिता से ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि जुलाई माह में संचालित सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की महिला कर्मियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाई गई, जिसके परिणामस्वरूप सड़क दुर्घटनाओं की दर में कमी दर्ज की गई थी। जिलाधिकारी ने वर्तमान में आगामी पर्वों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में पुन: वृद्धि की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित विभागों एवं प्रतिभागियों के साथ बैठक कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे पर्वों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सखी के रूप में कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पहचान पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, वैभव मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सविता सिंह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सुरेंद्र सिंह, एआरटीओ सत्येंद्र यादव, डीसी मारेगा अनूप सिंह, सहित परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, आईसीडीएस एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



