प्रलोभन दे किराए पर बैंक खाता ले संचालित हो रहा था साइबर खेल

गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस,सात मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आशियाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे बैंकों में बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी में लिप्त गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से पुलिस को सात मोबाइल सहित 13 विभिन्न बैंको के एटीएम कार्ड,एक कूटरचित आधार कार्ड,पास बुक,चेक बुक,सभासद का फर्जी मोहर आठ प्रिन्ट आउट बरामद किया है। आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र राय ने बताया कि शारदा नगर योजना के रजनी खंड में रहने वाले शिवम कुमार ने पुलिस को जानकारी दिया था कि आशियाना क्षेत्र में कुछ लोग गांव से आदमियों को बुला उन्हें किराए के मकान में रख लोकल पार्षद का फर्जी मोहर के सहारे उनलोगों का बैंकों विभिन्न बैंकों में खाता खोल साइबर अपराध कर उन खातों में रुपए मंगाए जाते है। रुपयों को एटीएम कार्ड की मदद से निकाल लिया जाता है।
सूचना के आधार पर मंगलवार शाम पुलिस टीम गठित कर थाना क्षेत्र के देवी खेड़ा के पास से साइबर अपराध में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिन्होंने अपना परिचय श्रीकान्त वर्मा पुत्र गोमती प्रसाद वर्मा निवासी पटेल नगर मनकापुर थाना मनकापुर गोण्डा, आकाश मौर्या पुत्र अशोक मौर्या निवासी बबहान बाजार थाना गौर जनपद बस्ती,आयूष प्रताप सिंह पुत्र चन्द्र प्रकाश सिंह निवासी ग्राम सिकहरा, पोस्ट सावरपुर थाना खुडारी जनपद गोण्डा, रजनीश वर्मा उर्फ प्रभाकर पुत्र कनिक राम वर्मा निवासी ग्राम बरगदवा दुआरा, रेहरा बाजार जिला बलरामपुर, दीपक सिंह राठौर पुत्र राजेश सिंह राठौर आराजी नम्बर 27 पूर्व नानकारी कल्याणपुर थाना कल्याणपुर कानपुर निवासी के रूप मे दिया है।
वहीं इस गिरोह का मास्टरमाइंड के रूप में कार्तिक का नाम प्रकाश में आया है। जिसकी तलाश में टीम गठित कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ कूट रचित दस्तावेज,आईटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।



