फार्मेलिन रिसाव से मची अफरा-तफरी,पुलिस ने संभाला मोर्चा

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बख्शी का तालाब क्षेत्र में किसान पथ पर देर सोमवार शाम मामपुर बाना और नगुवामऊ गांव के बीच फॉर्मेलिन से भरा टैंकर टायर फटने के बाद पलट गया। टैंकर से रसायन का रिसाव होने पर आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। रसायन की गंध और संपर्क से हजारों लोगों को नाक,आँख ,गले में जलन और सांस लेने में परेशानी होने की शिकायतें सामने आई और इस मौके पर एहतियातन पुलिस ने आस पास की दुकानें बंद कराई व किसान पथ पर तत्काल यातायात रोककर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला।

जानकारी के मुताबिक,सोमवार रात करीब 6:30 बजे टैंकर संडीला स्थित केमिकल फैक्टरी से फॉर्मेलिन लेकर गुड़ंबा स्थित प्लाइवुड फैक्टरी की ओर जा रहा था।किसान पथ पर मामपुर बाना के पास टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर पलट गया। इसके बाद सड़क पर रसायन फैलने लगा और रिसाव का असर मामपुर बाना,भीखापुरवा भैसामऊ,गाजीपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में महसूस किया गया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी बीकेटी संजय कुमार तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने किसान पथ पर घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर पहले ही यातायात रोक दिया।

जिससे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा सके। सूचना डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद व एसीपी बीकेटी अंकित बंसल घटना स्थल पर पहुंचकर देर रात तक संबंधित टीमों के साथ रिसाव और रसायन के फैलाव को नियंत्रित करवाने में जुटे रहे। मंगलवार को भी पुलिस ने घटना स्थल को बैरिकेटिंग कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गो से निकलवाया हालांकि ग्रामीणों,आसपास के लोगों में रसायन के प्रभाव को लेकर चिंता बनी रही।



