पत्रकारिता में सत्य और निष्पक्षता से समझौता न करें : आत्माराम त्रिपाठी

- आठ पत्रकारों को मास कम्युनिकेशन डिप्लोमा देकर किया सम्मानित, पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
पायनियर संवाददाता।बांदा
राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और पत्रकारों की सुरक्षा पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि आत्माराम त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनता की आवाज बनना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। पत्रकारों को सत्य एवं तथ्यों के आधार पर समाचार प्रकाशित करने चाहिए। बिना पुष्टि के खबरें चलाना और अफवाहों को समाचार का रूप देना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के विपरीत है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पत्रकारिता प्रशिक्षण की पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम में मास कम्युनिकेशन डिप्लोमा प्राप्त करने वाले बांदा के आठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता में निष्पक्षता बनाए रखने के साथ पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। इंटर कॉलेज के प्राचार्य एवं वरिष्ठ पत्रकार चंद्रमौली भारद्वाज ने पत्रकारिता को जनता की आवाज बताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। बुंदेलखंड लाइब के प्रधान संपादक श्याम मोहन धुरिया ने कहा कि पत्रकारों को तथ्यपूर्ण, सारगर्भित और निष्पक्ष समाचारों को प्राथमिकता देनी चाहिए। जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना पत्रकारों की अहम जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे चित्रकूटधाम मंडल अध्यक्ष ललित कुमार ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के बीच एकता बनाए रखने पर जोर दिया। समाजसेवी घासीराम निषाद ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम निषाद ने किया।
इस दौरान संगठन से नए सदस्य जुड़े, जबकि पहले से जुड़े सदस्यों को नए पदभार सौंपकर जिम्मेदारियां दी गईं। परिषद की मासिक बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विनोद जैन, नीरज निगम, रूपा गोयल, मोनिका सिंह, संध्या धुरिया, ओम, सीमा गिरी, जीवेश प्रकाश,अक्षांश निगम पायनियर प्रेस रिपोर्टर,आलोक निगम पत्रकार Tv9भारतवर्ष, रिपब्लिक भारत न्यूज़ चैनल कुलदीप मिश्रा, राजेश सिंह, राम महेश त्रिपाठी, सत्यम शिक्षित, सत्यनारायण निषाद, राजेंद्र कुमार मिश्रा, अमोद कुमार, मुलायम चंद, संदीप कुमार, श्रीकांत श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सिंह, मितेश कुमार, संदीप दीक्षित, सुरेंद्र कुमार, प्रभंजन कुमार, प्रीति साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



