पटेलनगर में पुलिस का सत्यापन अभियान, 35 भवन स्वामियों पर 3.50 लाख का जुर्माना

- 500 से अधिक किरायेदारों व बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन
- छह संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। वहीं, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं मिलने पर 35 भवन स्वामियों के चालान कर कुल 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, ब्राह्मणवाला और पाम सिटी समेत कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के साथ पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, प्रकाश में आए तथा जमानत पर चल रहे 12 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। अभियान के दौरान आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई भी की गई। पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में स्थित डेयरियों, गोदामों और खाद्य पदार्थों के भंडारण से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी कर जांच की। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान संदिग्धता के आधार पर छह व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



