ओखलकांडा में शिक्षा को नई उड़ान, कैड़ागांव स्कूल का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण

- अब बच्चों को 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर-दराज के क्षेत्रों में।
पायनियर समाचार सेवा। ओखलकांडा। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राजकीय माध्यमिक विद्यालय कैड़ागांव का उच्चतर माध्यमिक स्तर से इंटर कॉलेज के रूप में उच्चीकरण किया गया। शहरी विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि विद्यालय के इंटर कॉलेज के रूप में उच्चीकरण से ओखलकांडा के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब बच्चों, विशेषकर छात्राओं को कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें गांव और आसपास के क्षेत्र में ही उच्च कक्षाओं की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के माहौल को मजबूत करने के साथ ही विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय के उच्चीकरण से विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की पहुंच और मजबूत होगी। मंत्री कैड़ा ने क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार जताया।



