मतदान के दिन सतर्क रहें अधिकारी, दिशा-निर्देशों का कड़ाई से कराएं अनुपालन: चर्चित गौड़

पायनियर। सोनभद्र
वाराणसी खंड स्रातक एवं शिक्षक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में पुलिस लाइन परिसर में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग आयोजित की गई।इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने उपस्थित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वाराणसी खंड स्रातक एवं शिक्षक निर्वाचन को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।
मतदान 23 अक्टूबर, को प्रात: 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को कलेक्ट्रेट परिसर से निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों का पूर्व में निरीक्षण कर लें तथा वहां उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।मतदान के दिन सभी अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्कता के साथ ड्यूटी करेंगे तथा निरंतर भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टाक, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



