मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, भीमताल में लगा ‘सेवा सेतु’ शिविर

पायनियर समाचार सेवा। भीमताल। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को भीमताल ब्लॉक सभागार में ‘सेवा सेतुझ्रसरकार आपके द्वार‘ बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शुभारंभ आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) भावना मेहरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित करने के साथ लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मातृशक्ति सशक्त और आत्मनिर्भर हो रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की सहायता और नंदा गौरा योजना जैसी योजनाएं महिलाओं को मजबूती दे रही हैं। शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, मत्स्य, बाल विकास, आयुर्वेद, होम्योपैथी सहित विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। लोगों की समस्याएं और आवेदन प्राप्त किए गए। भावना मेहरा ने अधिकारियों को शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।



