कठिन परिस्थितियों में विभाग आश्रितों के साथ खड़ा: डीजीपी

21 मृत पुलिस कर्मियों के परिजनों व 2 दिव्यांग पुलिस कर्मी को 38 करोड़ 5 लाख रूपए के चेक प्रदान किए गए
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। डीजीपी राजीव कृष्ण ने शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ संपादित समझौता ज्ञापन के अंतर्गत संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत आकस्मिक दुर्घटना में मृत एवं दिव्यांग पुलिस कर्मियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर डीजीपी ने आकस्मिक दुर्घटना में मृत 21 पुलिस कर्मियों के परिजनों तथा 2 दिव्यांग पुलिस कर्मियों सहित कुल 23 लाभार्थियों को 38 करोड़ 5 लाख रूपए की धनराशि के चेक वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने मृत पुलिस कर्मियों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।


साथ ही दिव्यांग पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों से भी मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना तथा विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया। डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा कठिन परिस्थितियों में विभाग उनके साथ पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस महानिदेशक के जीएसओ केएस इमैन्युअल, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय मो इमरान सहित बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं शाखा प्रबंधक शशिकान्त सिंह उपस्थित रहे।



