कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी अंडर 23 : विप्रज-आकिब की कसी गेंदबाजी से आंध्र 181 रन पर ढेर
आदर्श सिंह के नाबाद अर्धशतक से यूपी ने पहले दिन बिना विकेट गंवाए बनाए 68 रन बनाए

रघुबीर शर्मा । लखनऊ
स्थानीय गेंदबाज विप्रज निगम (चार विकेट) और आकिब खान (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से उत्तर प्रदेश ने सीके नायडू ट्रॉफी अंडर-23 के एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में आंध्र प्रदेश को पहली पारी में 181 रन पर समेट दिया। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार से शुरू हुए मुकाबले के पहले दिन यूपी ने टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करते हुए दमदार प्रदर्शन किया। जवाब में यूपी ने दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में बिना विकेट गंवाए 68 रन बना लिए।
विप्रज और आकिब का चला जादू
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आंध्र प्रदेश की शुरूआत बेहद खराब रही। यूपी के तेज गेंदबाज आकिब खान और विजय कुमार ने शुरूआती झटके देकर आंध्र के ऊपरी क्रम को झकझोर दिया। इसके बाद विप्रज निगम ने अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 20.2 ओवर में 6 मेडन रखते हुए 47 रन देकर 4 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।दूसरे छूर से उनका साथ देते आकिब खान ने 13 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रशांत वीर, विजय कुमार और शुभम मिश्रा को 1-1 विकेट मिला। आंध्र के लिए बत्तीना यशवंत ने नाबाद सर्वाधिक 63 रन (133 गेंदें, 8 चौके, 2 छक्के) और टी. वरुण सात्विक ने 41 रनों का योगदान दिया। पूरी टीम 65.2 ओवरों में 181 रन बनाकर सिमट गई।
यूपी की मजबूत शुरूआत : जवाबी पारी खेलने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम को सलामी बल्लेबाजों ने ठोस शुरूआत दिलाई। आदर्श सिंह और काव्या तेवतिया ने संभलकर खेलते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 24 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 68 रन जोड़ लिए हैं। आदर्श सिंह ने 78 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से शानदार नाबाद 51 रन बनाए हैं। वहीं, काव्या तेवतिया 66 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। यूपी की टीम पहली पारी के आधार पर अब आंध्र से मात्र 113 रन पीछे है और उसके सभी 10 विकेट सुरक्षित हैं।



