हर बच्चा, हर दक्षता के संकल्प के साथ सुदृढ़ होगी बुनियादी शिक्षा : दुर्गा शक्ति नागपाल

मिशन दक्ष देवीपाटन का मण्डलायुक्त ने किया शुभारंभ
हेमन्त पाठक। गोण्डा
बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता में सुधार लाने के उद्देश्य से आयुक्त कार्यालय में आयोजित मण्डल स्तरीय कार्यशाला में मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मिशन दक्ष देवीपाटन–हर बच्चा, हर दक्षता का शुभारंभ किया गया। जानकारी देते हुए मंडलायुक्त ने बताया कि अभियान के माध्यम से कक्षा 1 एवं 2 के प्रत्येक बच्चे की सीखने संबंधी कमजोरियों को चिह्नित कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा बुनियादी दक्षताओं को हासिल करने में पीछे न रहे।
आयुक्त ने बताया कि मिशन के प्रथम चरण में मण्डल के चारों जनपदों से एक-एक ब्लॉक का चयन किया गया है। इनमें जनपद बलरामपुर का बलरामपुर ग्रामीण, श्रावस्ती का इकौना, बहराइच का पयागपुर तथा गोण्डा का पंडरी कृपाल ब्लॉक शामिल है। चयनित ब्लॉकों में तीन माह तक विशेष अभियान चलाकर बच्चों की दक्षताओं में सुधार के लिए सुनियोजित प्रयास किए जाएंगे। प्रथम चरण के अनुभवों एवं परिणामों के आधार पर अगले चरण में अन्य ब्लॉकों का चयन किया जाएगा। मण्डलायुक्त ने कहा कि मिशन का उद्देश्य केवल कुछ बच्चों के शैक्षिक स्तर में सुधार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की जरूरत को पहचानकर उसकी दक्षताओं को विकसित करना है।
लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चा अपनी कक्षा के अनुरूप कम से कम 70 प्रतिशत अपेक्षित दक्षताएं हासिल करे। उन्होंने कहा कि हमें कुछ बच्चों पर नहीं, बल्कि हर बच्चे पर काम करना है। यही इस मॉडल की विशेषता है। मिशन के तहत बच्चों की शैक्षिक प्रगति का वस्तुनिष्ठ आकलन करने के लिए डायट के प्रशिक्षकों द्वारा बेसलाइन, मिडलाइन एवं एंडलाइन मूल्यांकन कराया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों के वर्तमान दक्षता स्तर, सीखने में हो रहे सुधार तथा अभियान के परिणामों का आकलन किया जाएगा। साथ ही बच्चों के समग्र विकास में स्वास्थ्य एवं पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका है। मण्डल में कुपोषण तथा फ्लोरोसिस, विटामिन-डी एवं कैल्शियम की कमी जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए शिक्षकों से भी जागरूकता बढ़ाने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय में सहयोग करने की अपेक्षा की गई।



