हल्दूचौड़ में डंपर ने स्कूटी को मारी टक्कर, पुत्री की मौत, पिता गंभीर

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर हल्दूचौड़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ के पास गुरुवार को तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी वाहन सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि स्कूटी पर सवार सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र हेतराम निवासी बंडिया, किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर अपनी पुत्री प्रेरणा (14) के साथ लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान हल्दूचौड़ में गायत्री शक्तिपीठ के समीप पीछे से आ रहे डंपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पुत्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही डंपर चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।



