गन्ना व धान खरीद की समस्याएं तत्काल सुलझाएं

- किसान दिवस पर डीएम ने किसानों की सुनी समस्या, दिये निर्देश
- रबी की फसल में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने कहा कि पहली नवंबर से धान खरीद होनी है परंतु अभी तक किसी प्रकार की कोई तैयारी नहीं है, मांग किया कि वास्तविक किसानों का धान खरीदा जाए और किसी प्रकार का शोषण न किया जाए। साथ ही साथ चीनी मिल को अभिलंब चलाने यार्डों की व्यवस्था ठीक कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को आदेशित किया कि डीसीओ तथा डिप्टी आरएमओ के साथ मीटिंग कराकर व्यवस्था को अंतिम अंजाम दिया जाए। छुट्टा जानवरों को पकड़ने के संबंध में जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। किसान दिवस में विद्युत आपूर्ति एवं मरम्मत, राजकीय नलकूपों का हौद एवं नाली ठीक कराने, फर्जी खादों पर प्रतिबंध लगाने, आलू बीज उपलब्ध कराने, पशुओं के टीका लगवाने, गत दिनों आंधी तूफान बरसात से हुई फसलों की क्षति की भरपाई करने तथा बैंकों से संबंधित समस्याएं छायी रही। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने चीनी मिलों को पेराई सत्र के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, विद्युत विभाग को किसानों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा एलडीएम को फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन विकासखंडों में पशुओं का टीकाकरण शेष है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में कृषि, उद्यान, गन्ना, सिंचाई, विद्युत, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों द्वारा रबी की फसल की तैयारियों, धान क्रय, उर्वरकों की उपलब्धता एवं आलू के बीज की व्यवस्था आदि की समीक्षा की गई। जनपद में धान क्रय की प्रक्रिया 01 नवंबर से प्रारंभ होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
किसान दिवस में मध्यांचल सचिव सूर्यनाथ वर्मा, जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य,जिला उपाध्यक्ष भागीरथी वर्मा, शंकरपाल पांडे,जिला सचिव जगन्नाथ पटेल, राम केवल वर्मा तहसील अध्यक्ष रवि शंकर पांडे संतोष वर्मा एडवोकेट ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश यादव सुनील पाल, रामू चंद्र विश्वकर्मा, राम सुमेर भारती, जितेंद्र कुमार, मस्तराम वर्मा, आदि कई दर्जन किसान उपस्थित रहे।



