ई-रिक्शा पलटने से युवक की मौत, परिवार में कोहराम
मलिहाबाद मंडी के पास अचानक सामने आया जानवर, अनियंत्रित होकर पलटा ई-रिक्शा

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मलिहाबाद में मजदूरी कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। नजर नगर स्थित विशिष्ट नवीन मंडी के पास अचानक सड़क पर जानवर आ जाने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार युवक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से ई-रिक्शा और उसके चालक की तलाश कर रही है।
रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जमुलिया गांव निवासी गुड्डू (39) मंगलवार शाम मलिहाबाद में ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करने के बाद ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नजर नगर स्थित विशिष्ट नवीन मंडी के पास अचानक एक अज्ञात जानवर ई-रिक्शा के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गुड्डू उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल गुड्डू को तत्काल सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुड्डू परिवार का भरण-पोषण करने के लिए इधर-उधर ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुदामा, आठ वर्षीय बेटे अनिकेत और 14 वर्षीय बेटी वैष्णवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।



