अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका रायपुर नंगली का लाल, विशाल चौधरी का खतौली पहुंचने पर जोरदार स्वागत

-58वीं एशियन बॉडी बिल्डिंग एवं स्पोर्ट्स फिजिक चैंपियनशिप में हासिल किया पांचवां स्थान, क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से किया सम्मान
पायनियर समाचार सेवा, खतौली। थाइलैंड के बैंकॉक में आयोजित 58वीं एशियन बॉडी बिल्डिंग एवं स्पोर्ट्स फिजिक चैंपियनशिप-2026 में पांचवां स्थान हासिल कर लौटे रायपुर नंगली निवासी विशाल चौधरी का मंगलवार को खतौली पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशाल चौधरी पुत्र सुनील कुमार सिंह के खतौली स्थित आवास पर पहुंचते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत, भाकियू नेता सचिन चौधरी, रालोद नेता धर्मेंद्र तोमर समेत क्षेत्र के अनेक लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि विशाल चौधरी ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार और रायपुर नंगली गांव, बल्कि खतौली और मुजफ्फरनगर जनपद का नाम भी रोशन हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के युवा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाकर क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी है। विशाल की उपलब्धि को लेकर रायपुर नंगली और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने से किसी भी प्रतिभा को बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है। विशाल चौधरी की सफलता इसका उदाहरण है। स्वागत समारोह में जसवीर राणा, नरेश चौधरी, डा. रजनीश, मांगेराम, विनीत और बॉबी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने विशाल चौधरी को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।



