अज्ञात बाइक की टक्कर से घायल बुजुर्ग की सात दिन बाद मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। माल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की सात दिन तक चले उपचार के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे ने सोमवार, 12 अक्टूबर को स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी। रघुनाथपुर गांव निवासी आनंद कुमार (59) तीन अक्टूबर, शनिवार को शाम करीब चार बजे अपने पोते राघव के साथ मोटरसाइकिल से सैदापुर बाजार जा रहे थे। रघुनाथपुर रोड पर सैदापुर की ओर से आ रहे अज्ञात बाइक सवार ने उनकी मोटरसाइकिल में सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में आनंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पोते राघव को भी मामली चोटें आईं।घटना के बाद परिजन वृद्ध को लखनऊ के जानकीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां आनंद कुमार का उपचार चल रहा था। सात दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद नौ अक्टूबर को उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत से परिवार में मातम छा गया। सोमवार को मृतक के बेटे कौशलेन्द्र ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से चालक की तलाश में जुट गई है।



