थाने का औचक निरीक्षण, एडीसीपी ने दिए सख्त निर्देश

अभिलेखों के रख-रखाव से लेकर साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाएं परखीं, फरियादियों से शालीन व्यवहार पर जोर
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बुधवार को नगराम थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और थाना परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह की मौजूदगी में थाना कार्यालय के अभिलेखों, विवेचना कक्ष, जीडी कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र सहित विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। एडीसीपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने पर जोर देते हुए साइबर हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा उनकी समस्याओं के प्रभावी निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी। एडीसीपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।



