जेसीबी की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, चालक फरार

सड़क खुदाई के दौरान मशीन बैक करते समय हुआ हादसा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क खुदाई के कार्य में लगी जेसीबी मशीन की चपेट में आने से 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा अंधे की चौकी के पास मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। घटना के बाद चालक जेसीबी छोड़कर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार,बुधवार सुबह करीब 11:40 बजे सड़क खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक मशीन को पीछे कर रहा था। तभी वहां से गुजर रही वृद्ध महिला मशीन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान समीरा (60) पत्नी छोटा, निवासी बेबी मार्टिन स्कूल के पास, दुबग्गा के रूप में हुई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। हादसे के बाद मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताने लगे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
वहीं इस संबंध मे थाना प्रभारी श्री कांत राय ने बताया की शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



