घर में फंदे पर लटका मिला किशोरी का शव
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस, मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र के सरैयाटोला गांव में बुधवार सुबह 16 वर्षीय किशोरी का शव घर में फंदे से लटका मिला। किशोरी ने छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी। सुबह मां की नजर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरैयाटोला निवासी मुकेश पंचर बनाने का काम करते हैं। परिवार में उनकी दूसरी पत्नी लक्ष्मी और पांच बच्चे हैं। पहली पत्नी से चार बच्चे हैं, जबकि दूसरी पत्नी से एक बेटा है।
16 वर्षीय सृष्टि कक्षा 10 की छात्रा थी। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए। बुधवार सुबह सौतेली माँ और कमरे में बेटी को जगाने गयी तो देखा कि सृष्टि छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकीपुरम थाना प्रभारी विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।



