सुहास एलवाई समेत पैरा खिलाड़ियों ने की पीएम से मुलाकात
सुहास एलवाई ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि नई दिल्ली में अन्य पदक विजेताओं के साथ प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण रहा

- वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई ने पीएम मोदी से मुलाकात को गर्व और सम्मान का क्षण बताया
- जुडो के मुख्य कोच मुनव्वर अंजार ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी से मिला प्रोत्साहन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा
रघुबीर शर्मा। लखनऊ
एशियाई पैरा खेल 2026 में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय पैरा जूडो और बैडमिंटन खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित आईजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस मुलाकात में पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षक भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर लखनऊ के हलवासिया कोर्ट जूडो सेंटर में अभ्यास करने वाले पैरा जूडो खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षक मुनव्वर अंजार अली सिद्दीकी को भी सम्मानित किया गया।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में कोकिला ने महिला जे-2 वर्ग के 52 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि पेरिस पैरालंपिक पदक विजेता कपिल परमार ने पुरुषों के जे-1 वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, झारखंड के लोहरदगा निवासी संजना कुमारी ने महिला एकल एसएल-3 बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। एशियाई पैरा खेलों में भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने कुल 16 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इसमें वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई ने पुरुष एकल एसएल-4 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। नितेश कुमार ने पुरुष एकल एसएल-3 और नवीन शिवकुमार ने पुरुष एकल एसएल-4 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। तुलसीमाथी मुरुगेसन और मानसी जोशी की जोड़ी ने महिला युगल एसएल-3-एसयू-5 वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं प्रमोद भगत, तुलसीमाथी मुरुगेसन, नित्या श्री सुमति सिवान तथा नितेश कुमार और तुलसीमाथी मुरुगेसन की जोड़ी ने विभिन्न स्पधार्ओं में रजत पदक जीते थे। मनीषा रामदास सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी कांस्य पदक हासिल किए थे।
सुहास एलवाई ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि नई दिल्ली में अन्य पदक विजेताओं के साथ प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण रहा। मुख्य कोच मुनव्वर अंजार ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिला प्रोत्साहन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा। वहीं, कोकिला ने अगली प्रतियोगिता में रजत पदक को स्वर्ण में बदलने का भरोसा जताया। इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने बताया कि लखनऊ लौटने पर खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा।



