सोते समय भतीजे पर फेंका तेजाब, आरोपी गिरफ्तार

रहीमाबाद में वारदात, शरीर के कई हिस्सों और प्राइवेट पार्ट पर गहरे घाव,केजीएमयू में चल रहा इलाज
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के संत नगर में अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपने मुंह बोले भतीजे पर सोते समय तेजाब फेंक दिया। हमले में युवक के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए, जबकि उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई। गंभीर हालत में उसे केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। संत नगर निवासी मनीष के बड़े भाई मुनेश्वर के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले राजेंद्र कुमार उर्फ राजन रावत से मनीष की गहरी दोस्ती थी। दोनों साथ में मुंडन, शादी और बारात के कार्यक्रमों में कैटरिंग का काम करते थे।
इसी वजह से मनीष अक्सर राजन के घर पर ही रुक जाता था। गुरुवार देर रात भी वह राजन के घर के एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान राजन और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी होने लगी। मनीष ने दोनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद वह चादर ओढ़कर सो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद राजन तेजाब से भरा डिब्बा लेकर पहुंचा और सो रहे मनीष पर तेजाब फेंक दिया। इससे उसके शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हो गए। तेजाब के छींटे राजन की पत्नी पर भी पड़े, जिससे उसके हाथ में चोट आई।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल मनीष को मलिहाबाद सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे केजीएमयू रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मनीष पर अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का शक जताया। इसी शक के चलते उसने करीब दो साल पहले बैटरी की दुकान से लगभग आधा लीटर तेजाब खरीदा था। गुरुवार रात उसने मनीष को पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया, जिसके बाद गुस्से में उस पर तेजाब फेंक दिया। मनीष के पिता बाराती लाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर चिहूंटा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



