सरस फूड फेस्टिवल में दिखेगा देशभर की महिलाओं के हुनर और स्वाद का संगम

- उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को मिले स्टॉल
- देहरादून के 30 से अधिक समूह भी होंगे शामिल
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। रेंजर ग्राउंड में पांच से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सरस फूड फेस्टिवल-2026 में देशभर की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हुनर, स्वाद और स्थानीय उत्पादों का संगम देखने को मिलेगा। फेस्टिवल में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने पारंपरिक खाद्य पदार्थों, हस्तशिल्प, हथकरघा और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री करेंगी।
सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि फेस्टिवल में प्रतिभाग करने वाले स्वयं सहायता समूहों को फूड आइटम्स, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम और लाइव फूड स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के साथ ही ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को फेस्टिवल में विभिन्न श्रेणियों के स्टॉल आवंटित किए गए हैं। वहीं, देहरादून जिले के 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी फेस्टिवल में भाग लेंगी। इन स्टॉलों पर महिलाएं स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और अन्य तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी। फेस्टिवल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों की पहचान बढ़ाना और स्वरोजगार को मजबूत करना है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प संस्कृति को एक मंच पर लाकर लोगों को विविध भारतीय उत्पादों से परिचित कराना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।



