रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का दसवाँ वार्षिकोत्सव ‘अमृत भारत’ की भव्य थीम के साथ संपन्न

ऋषिकेश, (रजनी गोयल) रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश का दसवाँ वार्षिकोत्सव ‘अमृत भारत’ थीम के अंतर्गत अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा, राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति एवं विविधता में एकता की अद्भुत झलक प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी, अध्यक्ष, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कुसुम कंडवाल, अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग तथा सूबेदार महेंद्र पाल सिंह रावत, सेवानिवृत्त अध्यक्ष, पूर्व सैनिक कल्याण संगठन, कोटद्वार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्ति वाचन के बीच पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं मंगलमय बना दिया।
विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं पारंपरिक गढ़वाली खुखरी स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हस्त निर्मित स्केच एवं चित्र भी भेंट किए गए।
समारोह में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शुर्वीर सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्या तरंग बेली, अकादमिक हेड अमित गांधी, उप-प्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट, मनोज बिष्ट, पूर्व प्रधानाचार्या कल्पना शर्मा, मनोरंजन देबरानी सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधान मीना रतूड़ी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदंबा प्रसाद रतूड़ी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभु चैतन्य, कैप्टन भगत सिंह राणा एवं उनकी पूरी टीम, अर्धसैनिक संगठन डोईवाला तथा साथी कोटद्वार अर्धसैनिक संगठन के सदस्य भी उपस्थित रहे।
वार्षिकोत्सव को दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में प्री-प्राइमरी से कक्षा चार तक के विद्यार्थियों ने ‘लिटिल फीट’, ‘जंगल बीट्स’, ‘लिटिल कृष्णा रास लीला’, ‘वेस्टर्न बीट्स’, ‘द भुलभुलैया मिस्ट्री’, ‘कलर्स ऑफ इनक्रेडिबल इंडिया’, ‘कश्मीर के रंग’ एवं ‘गढ़वाली फोक फ्यूजन’ जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
द्वितीय चरण में कक्षा पाँच से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने ‘खुखरी – द प्राइड ऑफ गढ़वाल राइफल्स’, ‘शिव तांडव’, ‘कुमारी – द प्राइड ऑफ नेपाल’, ‘कांतारा’, ‘पद्मावती’, ‘कलर्स ऑफ साउथ इंडिया’, ‘योग शोकेस’, ‘नाटी – द हिमाचली बीट’, ‘पहाड़ी फ्यूजन’, ‘जसवंत सिंह – नूरानांग का अमर प्रहरी’, ‘जीतू बगड़वाल’ तथा ‘रंग पंजाब दे’ जैसी प्रस्तुतियों से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
दसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया, जिसमें दस विजेताओं को ग्राम प्रधान मीना रतूड़ी द्वारा सम्मानित किया गया।
इस वर्ष समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण दो नए सम्मान – ‘रेड फोर्ट रतन’ एवं ‘रेड फोर्ट स्टार’ पुरस्कारों की शुरुआत रही। ‘रेड फोर्ट स्टार’ का सम्मान विद्यार्थी प्रद्युम्न सूरीरा को तथा शिक्षिका खुशबू थापा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘रेड फोर्ट रतन’ से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान आर्ट एंड क्राफ्ट, कराटे, शूटिंग, मॉडल यूनाइटेड नेशन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि गजेंद्र जोशी एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, विद्यालय के अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
चेयरमैन डॉ. शुर्वीर सिंह बिष्ट ने दस वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रधानाचार्या तरंग बेली ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उप-प्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।



