कुएं में मिला बालिका का शव, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

बाराबंकी। थाना हैदरगढ़ क्षेत्र के पालपुर गांव में 11 वर्षीय बालिका का शव कुएं में मिलने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी उत्तम सिंह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम पोखरा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पांच नवंबर की रात बालिका के लापता होने की सूचना मिली थी। बालिका के पिता ने गांव के ही उत्तम सिंह पर आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, फील्ड यूनिट और पांच टीमों के साथ तलाश अभियान चलाया। इस दौरान बालिका का शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई थीं।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार उत्तम सिंह पुत्र दिनेश सिंह निवासी पालपुर के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध रायबरेली जनपद के शिवगढ़ थाने में चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है। फॉरेंसिक और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



