यूएनआईसीइएफ व यूएनडीएसएस के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से की मुलाकात

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूएनआईसीइएफ) व संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग (यूएनडीएसएस) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में कार्यरत संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों, उनके पात्र आश्रितों, कार्यालय परिसरों एवं संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यूपी पुलिस और यूएनडीएसएसके बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. जकारिया एडम (बेनिन), प्रमुख, यूएनआईसीइएफउत्तर प्रदेश कार्यालय तारा प्रसाद, यूएनआईसीइएफ एलियास लेगेसे (इथियोपिया), सुरक्षा सलाहकार, यूएनडीएसएस विल्फिन विन्सेंट, यूएनडीएसएसतथा सुश्री रानी कुमारी, यूएनडीएसएस शामिल रहे।
डॉ. जकारिया एडम यूएनआईसीइएफके उत्तर प्रदेश कार्यालय के प्रमुख हैं। उन्हें यूएनआईसीइएफमें लगभग 27 वर्षों का अनुभव है। वे यूपी में संयुक्त राष्ट्र के एरिया सिक्योरिटी कोऑर्डिनेटर भी हैं। उन्होंने विभिन्न देशों में बाल संरक्षण एवं विकास से जुड़े कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। यूएनडीएसएसके सुरक्षा सलाहकार एलियास लेगेसे को संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के अंतर्गत विभिन्न देशों में सुरक्षा प्रबंधन, जोखिम आकलन, संकट प्रबंधन एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय के क्षेत्र में व्यापक अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त है।
विल्फिन विन्सेंट भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर हैं तथा यूएनडीएसएससे जुड़े हैं। वे उत्तर प्रदेश के लिए फोकल प्वाइंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2011 से 2021 तक भारतीय नौसेना में सेवाएं दी हैं। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में कार्यरत संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों की उपस्थिति, गतिविधियों एवं कार्यक्षेत्र के संबंध में पुलिस महानिदेशक को जानकारी देकर अवगत कराया गया कि प्रदेश में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत लगभग 198 संयुक्त राष्ट्र कार्मिक एवं उनके पात्र आश्रित आते हैं। बैठक में प्रदेश में कार्यरत संयुक्त राष्ट्र के कार्मिकों, उनके पात्र आश्रितों, कार्यालय परिसरों एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यूपी पुलिस एवं यूएनडीएसएसके मध्य समन्वय एवं सहयोग को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष चर्चा की गई।



