रणजी ट्रॉफी एलीट ए: प्रशांत वीर की फिरकी के बावजूद यूपी-बड़ौदा का मैच ड्रॉ
पहली पारी की बढ़त से यूपी को मिले तीन अंक,डेब्यू मैच में 162 रन की पारी खेलने वाले आदर्श सिंह बने मैन आफ द मैच

पायनियर समाचार सेवा। लखनऊ
रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए में उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पहली पारी में बड़ौदा के 355 रनों के जवाब में उत्तर प्रदेश ने 492 रन बनाकर 137 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इसके जवाब में बड़ौदा ने मैच के चौथे और अंतिम दिन दूसरी पारी में छह विकेट पर 169 रन बनाकर मुकाबला ड्रॉ करा लिया।
पहली पारी में बढ़त के आधार पर यूपी को तीन अंक मिले, जबकि बड़ौदा को एक अंक से संतोष करना पड़ा।इस परिणाम के बाद उत्तर प्रदेश की टीम 19 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि बड़ौदा 18 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। पदार्पण मैच में शानदार शतक लगाने वाले आदर्श सिंह को 162 रनों की पारी के लिए मैन आॅफ द मैच चुना गया।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में मैच के चौथे दिन यूपी ने आठ विकेट पर 455 रन से आगे खेलना शुरू किया। अंतिम दिन शिवम मावी (40) और कार्तिक यादव (9) ने तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 492 रन तक पहुंचाया। जीशान अंसारी एक रन बनाकर नाबाद रहे। 137 रनों से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी खेलने उतरी बड़ौदा की टीम ने संघर्ष किया। एक समय 115 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद टीम मुश्किल में नजर आ रही थी।
हालांकि कप्तान अतीत सेठ (42) और महेश पिथिया (14) ने नाबाद रहते हुए जुझारू बल्लेबाजी की और यूपी को जीत से वंचित रखा। यूपी की ओर से प्रशांत वीर ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि जीशान अंसारी, शिवम मावी और कार्तिक यादव को एक-एक सफलता मिली। अंतत: समय समाप्त होने के कारण मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया।



