एशियाई पैरा खेलों के पदक विजेताओं से मिले पीएम मोदी, कहा- आपकी उपलब्धियां पूरे देश के लिए प्रेरणा
भारत ने पिछले महीने आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को एशियाई पैरा खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने ऐसी व्यवस्था तैयार करने का संकल्प लिया है, जिसमें युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए पूरा अवसर और सहयोग मिल सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब माता-पिता अपने बच्चों को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने से डरते थे। लोगों को लगता था कि खेल व्यवस्था प्रतिभाओं को पर्याप्त सहयोग नहीं देती और इसमें बदलाव संभव नहीं है। लेकिन जिस तरह खिलाड़ियों ने मुश्किल परिस्थितियों में हार नहीं मानी, उसी तरह सरकार ने भी व्यवस्था में सुधार करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा, आपके संघर्षों और उपलब्धियों से हर भारतीय को प्रेरणा मिलती है। हमने तय किया कि हमारे युवाओं की प्रतिभा व्यर्थ नहीं जाएगी। जिस व्यवस्था ने आपकी प्रगति में बाधा पहुंचाई, हमने उसे बदलने का फैसला किया। आज युवाओं को अपनी प्रतिभा पर भरोसा है और उन्हें यह विश्वास भी है कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब उन खेलों में भी बेहतर हो रहा है, जिनमें पहले देश की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता सीमित थी। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो और पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों में प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। इन खेलों में अब नए चैंपियन सामने आ रहे हैं।उन्होंने बताया कि एशियाई पैरा खेलों में 61 भारतीय खिलाड़ियों ने पहली बार हिस्सा लिया था, जो देश में पैरा खेलों के बढ़ते दायरे और नई प्रतिभाओं के उभरने का संकेत है।
गौरतलब है कि भारत ने पिछले महीने आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।इस अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी मौजूद रहे। दो स्वर्ण पदक जीतने वाली भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी और दृष्टिबाधित फर्राटा धाविका सिमरन सहित अन्य पदक विजेता खिलाड़ी भी समारोह में शामिल हुए।



