न्यायालय से थाना तक छात्रों ने जानी कानून की पाठशाला

स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा, नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
कैराना। भास्कर इंटरनेशनल स्कूल एवं भास्कर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने न्यायालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने थाना कैराना का शैक्षिक भ्रमण कर न्यायिक एवं पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली को करीब से जाना। इस दौरान उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
जनपद न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश के निर्देशन और प्रधान न्यायाधीश ब्रिजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान की जानकारी दी गई। प्रधान न्यायाधीश ब्रिजेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली और विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उन्होंने छात्रों की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
- थाने में समझी शिकायत से जांच तक की प्रक्रिया
न्यायालय परिसर के बाद छात्र-छात्राओं ने थाना कैराना का भ्रमण किया। थाना प्रभारी सतीश कुमार और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें थाने की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी शिकायत के मिलने के बाद पुलिस किस प्रकार उसकी जांच और आवश्यक कार्रवाई करती है। महिला हेल्प डेस्क, हेल्प डेस्क, सीओ कार्यालय, जनरल डायरी कार्यालय और कंप्यूटर ऑपरेटिंग कार्यालय की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है।
उन्होंने छात्रों से नशीले पदार्थों से दूर रहने और अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में भास्कर ग्रुप के डायरेक्टर एमएफ कुरैशी, प्राचार्य प्रो. अमितेश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य नौशाद अली, हरमन कौर, सैयदा समीना हुसैन, मुस्कान अल्वी, मेहरदीन, सोनू, बलजीत कौर सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, न्यायिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





