बुरादे की आड़ में बिहार जा रही 1.50 करोड़ की शराब बरामद

- स्वाट-सर्विलांस व सैयदराजा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1185 पेटी शराब के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार
पायनियर संवाददाता।चन्दौली
स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना सैयदराजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एनएच-19 पर काले शाह बाबा की मजार के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए राजस्थान निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम उत्तरी लेन पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चन्दौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक MH 18 BZ 7720 को रोकने का प्रयास किया गया। ट्रक से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसकी पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार पुत्र बाला राम, निवासी टाकुबेरी, थाना सिंधारी, जनपद बाड़मेर, राजस्थान, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें पीली प्लास्टिक की बोरियों में भरे लकड़ी के बुरादे के नीचे विभिन्न ब्रांडों की शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने किंग्स गोल्ड, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल्स, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली ब्रांड की कुल 1185 पेटियां बरामद कीं।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा के पानीपत के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब से लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। शराब को बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने के बदले उसे एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस से बचने के लिए शराब के ऊपर लकड़ी के बुरादे की बोरियां लाद दी गई थीं।
पुलिस ने शराब के साथ अशोक लेलैण्ड ट्रक, एक आईफोन-15, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पीली धातु का लॉकेट, 660 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक स्वाट सेल राम जन्म यादव, प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा तथा थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना सैयदराजा में धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



