‘रणभूमि 2026’ में खो-खो और जूडो के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अंडर-17 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ । सेंट्रल पब्लिक स्कूल, रजनीखंड में आयोजित अंतरविद्यालयी खेल महोत्सव ‘रणभूमि 2026 - संकल्प से विजय तक’ के तहत सोमवार को खो-खो और जूडो प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
कार्यक्रम में कराटे एसोसिएशन के महासचिव जसपाल सिंह और जिला खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अंडर-17 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया। सेंट जॉन वियानी की टीम दूसरे और सेंट्रल एकेडमी, इंदिरा नगर शाखा की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता का संचालन एवं निर्णयन जिला खो-खो एसोसिएशन के सचिव राजेश कुमार वर्मा के निर्देशन में हुआ।वहीं, जूडो प्रतियोगिता का निर्णयन जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (जेएफआई) के अनुभवी अधिकारियों ने किया। खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन दांव-पेंच और खेल कौशल से दर्शकों को प्रभावित किया।
विद्यालय के निदेशक टी.एन. पांडेय और प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘रणभूमि’ का उद्देश्य केवल विजेता तैयार करना नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करना है। 30 से अधिक विद्यालयों की सहभागिता वाला यह महोत्सव युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान कर रहा है।



