एमबीबीएस छात्र मोनिस का शानदार प्रदर्शन, जीते कई स्वर्ण पदक
एरा यूनिवर्सिटी के खेल मैदान पर 'इग्नाइट' खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एरा यूनिवर्सिटी के खेल मैदान पर सोमवार को आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता 'इग्नाइट' में एमबीबीएस छात्रों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सबसे खास प्रदर्शन मोनिस का रहा। उन्होंने 100 और 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं रिले रेस में भी मोनिस की टीम ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में चार टीमों के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक के लिए जोर आजमाइश की।
100 मीटर दौड़ में मोनिस ने सबसे तेज दौड़ लगाते हुए स्वर्ण पदक जीता। आफिफ दूसरे और आकिफ तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में भी मोनिस ने अपनी रफ्तार का दम दिखाया। इस स्पर्धा में साजिल ने दूसरा और इमाद ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों की रिले रेस में मोनिस, सरताज, अंकुर और शोएब की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। मिक्स रिले में लड़कों की ओर से मोनिस और सरताज तथा लड़कियों की ओर से ऋषिका और शिवानी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता।
फील्ड इवेंट में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भाला फेंक के पुरुष वर्ग में शोएब ने पहला, जफर ने दूसरा और हार्दिक ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में शिवानी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अलीशा दूसरे और अल्काशा तीसरे स्थान पर रहीं। डिस्कस थ्रो के महिला वर्ग में अनुष्का ने पहला, शिवानी ने दूसरा और सुमैया ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में मुख्तार विजेता बने। समर्थ दूसरे और अर्जुन तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रो. जमाल मसूद और प्रो. एमएमए फरीदी ने किया। इस मौके पर डॉ. निरुपमा लाल, डॉ. एसपी जैसवार और डॉ. दिलशाद मौजूद रहे। प्रो. फरीदी ने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई के साथ खेलों में हिस्सा लेना छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। वहीं प्रो. जमाल मसूद ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के लिए छात्रों की मेहनत मैदान पर नजर आई।प्रतियोगिता में सफायर, फिनिक्स, इफोक और इनविक्टस टीमों के एमबीबीएस छात्रों ने हिस्सा लिया।



