पात्रों के आवास पर जिम्मेदारों ने ही फेरा पानी, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित

पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के बजाय पात्र लाभार्थियों को ही योजना से बाहर करने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। विकासखंड बिलसंडा की ग्राम पंचायत मनिया में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी प्रदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर राजस्व ग्राम मानपुर जलालपुर में आवास प्लस सर्वे-2024 की स्थाई पात्रता सूची के अंतिम चरण में पात्र लाभार्थियों के नाम हटाकर उन्हें आवासीय योजना के लाभ से वंचित करने का आरोप है।
मामले में शिकायत और जांच के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। आरोप है कि जिन जरूरतमंद परिवारों को सरकारी आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए था, उनके नाम ही पात्रता सूची से बाहर कर दिए गए। इससे पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित रह गए।
सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद और पात्र परिवार को पक्का आवास मुहैया कराया जाए, लेकिन जिम्मेदारों की कथित लापरवाही या मनमानी से पात्रों के नाम सूची से गायब होना गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल ग्राम पंचायत अधिकारी के निलंबन की कार्रवाई से विभाग में खलबली मची हुई है।



