चांद के दीदार कर सुहागिनों ने खोला करवा चौथ का व्रत
वहीं कुछ महिलाएं ऐसी भी रहीं, जिनके पति नौकरी के सिलसिले में घर से दूर थे। कार्यालय में छुट्टी नहीं मिल पाने के कारण कई पति घर नहीं पहुंच सके।

लखनऊ । पूरे देश में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा-अर्चना की और करवा चौथ की कथा सुनी। सभी को चांद निकलने का बेसब्री से इंतजार रहा। रात में चंद्रमा के दर्शन होते ही महिलाओं ने छलनी से चांद को देखा और फिर पति का चेहरा निहारकर उनकी आरती उतारी। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इस दौरान कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक पूजा की। पर्व को लेकर घरों में उत्साह का माहौल रहा और नवविवाहिताओं में खास उमंग दिखाई दी।
वीडियो कॉल पर पति का दीदार कर खोला करवा चौथ का व्रत
लखनऊ समेत कई शहरों में करवा चौथ के पर्व पर जहां सुहागिनों ने चांद के दीदार कर पति की लंबी उम्र की कामना की, वहीं कुछ महिलाएं ऐसी भी रहीं, जिनके पति नौकरी के सिलसिले में घर से दूर थे। कार्यालय में छुट्टी नहीं मिल पाने के कारण कई पति घर नहीं पहुंच सके। ऐसे में पत्नियों ने वीडियो कॉल के जरिए पति का चेहरा देखकर अपना व्रत खोला। तकनीक ने दूरियों के बावजूद इस खास मौके पर पति-पत्नी को एक-दूसरे से जोड़े रखा। वीडियो कॉल पर पतियों का दीदार करने के बाद महिलाओं ने जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। भले ही पति उनके पास मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके प्यार और साथ का एहसास महिलाओं के लिए इस पर्व को खास बना गया।



