अमित शाह ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

लखनऊ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया।डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की शुरुआत अमित शाह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा के संस्थापक विचारकों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे भी गूंजे।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अमित शाह ने दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक रूप से कार्यसमिति की कार्यवाही का शुभारंभ किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन विधान परिषद सदस्य एवं पार्टी के पूर्व महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल कर रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अमित शाह का स्वागत किया।



