उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर लापता, जोशीमठ के पास क्रैश होने की आशंका6 लोग थे सवार

जोशीमठ। चमोली जिले के जोशीमठ के पास में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर लापता होने से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से जोशीमठ की ओर आ रहा था। इसके जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में लापता होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे बर्फबारी के बीच बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और वह जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। लापता हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। राज्य की रेस्क्यू टीम के साथ सेना को भी मौके के लिए रवाना किया गया है।
फिलहाल हेलीकॉप्टर की सटीक लोकेशन और उसमें सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन और बचाव दल की ओर से लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।



