हार के बाद सैमसन ने किया गेंदबाजों का बचाव, बोले- अनुभव से बेहतर होंगे युवा तेज गेंदबाज
मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने-अपने चार ओवर में 52-52 रन दिए। भारतीय पारी के आखिरी ओवर में शमर जोसेफ की शॉर्ट पिच गेंद अर्शदीप की बाईं बांह पर लगी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

हैदराबाद। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 24 रन से मिली हार के बाद गेंदबाजों का बचाव किया। उन्होंने कहा कि युवा तेज गेंदबाजों को जितने अधिक मौके मिलेंगे, वे उतने ही बेहतर होते जाएंगे।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 247 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कीमो पॉल ने पांच विकेट लेकर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर कर दी।
सैमसन ने स्वीकार किया कि विश्राम दिए गए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का कोई वास्तविक विकल्प नहीं है। उन्होंने मैच के बाद कहा, बुमराह जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं और हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा गेंदबाज है। हालांकि, हमारे पास कुछ अच्छे युवा तेज गेंदबाज भी हैं। अर्शदीप सिंह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और पिछले कुछ मैचों में प्रिंस यादव की गेंदबाजी भी बेहद प्रभावशाली रही है।
उन्होंने कहा कि टीम के पास प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं और उन्हें लगातार खेलने के अवसर मिलने से उनके प्रदर्शन में सुधार होगा।भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे। मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने-अपने चार ओवर में 52-52 रन दिए। भारतीय पारी के आखिरी ओवर में शमर जोसेफ की शॉर्ट पिच गेंद अर्शदीप की बाईं बांह पर लगी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
सैमसन ने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप की बल्लेबाजी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने काफी संयम के साथ रन बनाए। उन्होंने कहा, “होप बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। जिस तरह से वह खेल रहे हैं, उसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है। हम निश्चित रूप से उन्हें रोकने के तरीके तलाश रहे हैं।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 23 गेंदों में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। हालांकि, कीमो पॉल ने पांचवें ओवर में सैमसन और ईशान किशन को आउट करके मैच का रुख वेस्टइंडीज की ओर मोड़ दिया।सैमसन ने तिलक वर्मा के विकेट को भी निर्णायक बताया। तिलक ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए और नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि तिलक का आउट होना निर्णायक मोड़ था, क्योंकि उस समय वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। तिलक और नीतीश कुमार रेड्डी गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे।”
सैमसन ने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि एक मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने से उनकी क्षमता पर सवाल नहीं उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं और टीम को उन पर भरोसा है।भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि टीम शनिवार को बेंगलुरु में होने वाले पांचवें और निर्णायक टी20 मुकाबले में जीत दर्ज कर श्रृंखला अपने नाम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “श्रृंखला अभी 2-2 से बराबर है और अब सब कुछ बेंगलुरु में होने वाले मैच पर निर्भर करता है। हमारी टीम आत्मविश्वास से भरी है और वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध है।सैमसन ने अंत में वेस्टइंडीज की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय धरती पर आकर टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा।



