छात्रसंघ चुनाव में जमकर हंगामा, मारपीट में छात्र नेता लहूलुहान

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। नैनीताल रोड पर छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। मारपीट के दौरान एक छात्र नेता के सिर पर चोट लग गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप किया। पुलिस ने लाठी फटकारकर छात्रों को मौके से खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुबह से ही पुलिस और छात्र नेताओं के बीच तीखी झड़प की स्थिति बनी रही। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद चुनाव के दौरान हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी। हल्द्वानी में एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े छात्र संगठनों की सक्रियता के चलते चुनाव पर नजरें टिकी हुई हैं। घटना के बाद परिसर में तनाव का माहौल रहा।



