-
रोमांचक फाइनल में प्रियांशु-राजुल को हराया, कॉर्पोरेट वेलनेस और खेलों पर भी हुई विशेष चर्चा
लखनऊ। सुमित और विवेक की जोड़ी ने लुलु मॉल स्थित फंटूरा बॉलिंग एरिना में आयोजित इंटर कॉर्पोरेट टेनपिन बॉलिंग टूर्नामेंट 2026 के रोमांचक फाइनल में जीत के साथ विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जेके सीमेंट लिमिटेड द्वारा प्रायोजित तथा एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड (एसोचैम यूपी-यूके) और उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट ने कॉर्पोरेट जगत, उद्यमियों, पेशेवरों और खेल प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान किया।
बुधवार को आयोजित टूर्नामेंट का समापन बेहद रोमांचक स्टेप-लैडर फाइनल्स के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में सुमित और विवेक ने 366-330 के संयुक्त स्कोर के साथ प्रियांशु और राजुल को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पूर्व दूसरे एलिमिनेटर मुकाबले में प्रियांशु और राजुल ने सौरभ और इन्द्रजीत को 324-264 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
अंतिम परिणामों में सुमित और विवेक पहले स्थान पर रहे, जबकि प्रियांशु और राजुल उपविजेता बने। सौरभ और इन्द्रजीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टूर्नामेंट का समापन देर रात आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह ने कहा कि टेनपिन बॉलिंग न केवल एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में लोकप्रिय हो रही है, बल्कि कॉर्पोरेट सहभागिता और आपसी संवाद का भी प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले जेके सीमेंट, एसोचैम यूपी-यूके, सहभागी कॉर्पोरेट संस्थानों और सभी हितधारकों के हम आभारी है।
एसोचैम यूपी-यूके के उपाध्यक्ष सुधांशु श्रीवास्तव ने कहा कि इस टूर्नामेंट के माध्यम से उद्योग जगत, पेशेवरों और खेल प्रेमियों को एक मंच पर लाकर शारीरिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और टीम भावना के महत्व को रेखांकित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कॉर्पोरेट वेलनेस और खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में सहयोग के लिए जेके सीमेंट लिमिटेड का विशेष आभार व्यक्त किया।
इस दौरान “कॉर्पोरेट वेलनेस एवं स्ट्रेस मैनेजमेंट” विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यान में प्रसिद्ध वेलनेस विशेषज्ञ अनिल सिन्हा ने कहा कि कर्मचारियों का स्वास्थ्य और कल्याण आज किसी भी संगठन की रणनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल हो चुका है।
इसके साथ ही “भारत में खेलों का भविष्य : कॉर्पोरेट साझेदारी की भूमिका” विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा का आयोजन भी किया गया। चर्चा में रचना गोविल (पूर्व कार्यकारी निदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण-साई), अनिल अग्रवाल (प्रबंध निदेशक, सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस), लक्ष्मण श्रीवास्तव (प्रबंध निदेशक, महर्षि वेलनेस), निर्मल तंवर भाटी (राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी) तथा हिमांशु श्रीवास्तव (प्रबंध निदेशक, इंसोलॉक्स स्पोर्ट्स एंड इन्फ्राटेक प्रा. लि.) ने अपने विचार साझा किए।
आयोजकों के बारे में
एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड (एसोचैम यूपी-यूके) उद्योग विकास, नीतिगत संवाद और हितधारक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक विकास एवं सामुदायिक कल्याण से जुड़े प्रयासों के लिए प्रतिबद्ध संस्था है।उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन राज्य में टेनपिन बॉलिंग के प्रचार-प्रसार, प्रतिभा विकास और प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से इस खेल को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है।