15 को लखनऊ पहुंचेंगे भारत-अफगानिस्तान के सूरमा, यूपीसीए की तैयारियां तेज

लखनऊ। आईपीएल 2026 की सफल मेजबानी के बाद राजधानी का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच का गवाह बनने जा रहा है। 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले वनडे मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और मीडिया समिति के अध्यक्ष मोहम्मद फहीम ने मैच से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने बताया कि अफगानिस्तान की टीम सीरीज का पहला वनडे मैच 13 जून को धर्मशाला में खेलने के बाद, 15 जून को चार्टर्ड फ्लाइट से सीधे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद 16 जून को दोनों टीमें इकाना स्टेडियम के मुख्य मैदान पर अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान की टीम दोपहर के वक्त मैदान पर पसीना बहाएगी, जबकि भारतीय क्रिकेट टीम शाम को दूधिया रोशनी (फ्लडलाइट्स) के नीचे नेट प्रैक्टिस करेगी। मैच को लेकर स्टेडियम में पिच, आउटफील्ड, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यूपीसीए पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस मुकाबले में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचेंगे और एक बार फिर इकाना में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।

599 रुपये से टिकटों की शुरुआत

दर्शकों के लिए टिकटों की कीमत 599 रुपये से शुरू होगी। विभिन्न स्टैंडों के लिए 699, 799 और 1000 रुपये तक की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। वहीं प्रीमियम और वीआईपी स्टैंड के टिकट 5000 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक उपलब्ध रहेंगे।

गर्मी को देखते हुए दर्शकों को मिलेगा 15 गिलास मुफ्त पानी

यूपीसीए कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने बताया कि दिन-रात के मुकाबले को देखते हुए दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टेडियम में पेयजल की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए यूपीसीए ने पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। अनुमान के मुताबिक एक दर्शक के लिए औसतन 15 गिलास पानी तक की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मैच के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *