केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 05 से 21 जून तक चलेगा विशेष जन-जागरूकता अभियान

जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक कर सम्बन्धित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

पायनियर संवाददाता। कानपुर देहात

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित होने वाले ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ थीम आधारित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन के संबंध में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रमों का गरिमामय, प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है। बैठक में अवगत कराया गया कि 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के सभी विकास खण्डों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 08 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाई जाएगी।

इस अवधि में मलिन बस्तियों में ‘सरकार आपके द्वार’ स्वरूप जनसमस्या समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों की अध्यक्षता में मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि 14 जून से 16 जून तक विभिन्न विकास खण्डों में जन कल्याणकारी मेलों का आयोजन होगा, जहां विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रबुद्धजन आमजन से संवाद कर उन्हें विकास एवं जनकल्याण से संबंधित विषयों पर जागरूक करेंगे।

इसके अतिरिक्त 17 जून से 20 जून तक जनपद स्तर पर विकास प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं कृषि विभाग द्वारा किसानों को संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान के समापन अवसर पर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद भर में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चैपालों का आयोजन कर जनसमस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार का कार्य किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नामित नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों को सभी आयोजनों को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय स्वरूप में संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अलोक प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जय गोविन्द, प्रभागीय वनाधिकारी एके पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिरूद्ध सिंह चैहान, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगरीय निकाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *